*विशाल सागर एंड पार्टी डबरा की भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, भक्ति में सराबोर हुआ चालीहा महोत्सव*
झांसी। 28वें पावन 40 दिवसीय भगवान श्री झूलेलाल चालीहा व्रत महोत्सव के अंतर्गत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से ओत-प्रोत भक्ति भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। विशाल सागर एंड पार्टी डबरा द्वारा प्रस्तुत भजन संध्या में कलाकारों ने भगवान श्री झूलेलाल सहित विभिन्न देवी-देवताओं के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते और नृत्य करते रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बबीना विधायक श्री राजीव सिंह (पारीछा) एवं विशिष्ट अतिथि श्री दीपक हिरवानी रहे। अतिथियों का आयोजकों द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री झूलेलाल की आरती एवं पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात विशाल सागर एंड पार्टी के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि पूरा कार्यक्रम स्थल जयकारों और भजनों से गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत के अध्यक्ष हरीश हासानी ने कहा कि चालीहा महोत्सव सिंधी समाज की आस्था, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का प्रमुख पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज की एकता मजबूत होती है और युवा पीढ़ी भी अपनी संस्कृति एवं भगवान श्री झूलेलाल की भक्ति से जुड़ती है।
आकाश खियानी ने कहा कि चालीहा महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट करने का कार्य करते हैं। भक्ति भजन संध्या में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि भगवान श्री झूलेलाल के प्रति समाज की आस्था निरंतर मजबूत हो रही है।
वहीं दिनेश कोडवानी ने कहा कि भक्ति संगीत मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। चालीहा महोत्सव के माध्यम से धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ समाज की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विशाल सागर एंड पार्टी डबरा के कलाकारों का शानदार प्रस्तुति के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद एवं गुरु का लंगर ग्रहण किया।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश कोडवानी ने किया। अंत में हरीश हासानी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, कलाकारों, अतिथियों एवं सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने गुरु के अटूट लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर हरीश हासानी, आकाश खियानी, दिनेश कोडवानी, जय किशन फब्यानी, हीरा कोडवानी, अमित खियानी, टेकचंद खेमानी, बबीता हासानी, हर्षा कोडवानी, आरती बूलचंदानी, विनीता नैनवानी, हिना पमनानी, पदमा आहूजा, कमल हिरवानी सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं समाजजन मौजूद रहे।
*दिनेश कोडवानी*
*मीडिया प्रभारी, सिंधी समाज झांसी*
