*कहीं 48 में आठ तो कहीं 29 में एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं,रात में अंधेरे में डूबती हैं सड़कें*
*लाखों की लागत से लगीं लाइटें बदहाल,तिरंगा लाइटें भी खराब होने के बाद विद्युत पोल से गायब; रखरखाव पर उठे सवाल*
*अझुवा कौशाम्बी* आदर्श नगर पंचायत अझुवा में सड़कों, चौराहों और प्रमुख मार्गों को रोशन करने के लिए लाखों रुपये की लागत से लगाई गईं सिंगल आर्म स्ट्रीट लाइटें देखरेख के अभाव में बदहाल हो गई हैं।कहीं 48 में महज आठ लाइटें जल रही हैं तो कहीं 29 में एक भी लाइट नहीं जल रही है। महीनों से बंद पड़ी लाइटों की मरम्मत न होने से रात होते ही कई प्रमुख मार्ग अंधेरे में डूब जाते हैं। इससे राहगीरों, किसानों और मजदूरों को परेशानी के साथ ही जहरीले जंतुओं का खतरा भी बना हुआ है।
आदर्श नगर पंचायत अझुवा में करीब तीन वर्ष पूर्व जीटी रोड से वार्ड नंबर चार मढ़ियामई-रसूलपुर जाने वाली सड़क पर 43 सिंगल आर्म स्ट्रीट मास्ट लाइटें लगाई गई थीं। टांडा रोड जाने वाली सड़क पर 48 तथा वार्ड नंबर 3 शांति नगर के मलियन टोला से भैरव बाबा जाने वाले मार्ग पर 29 सिंगल आर्म स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं शुरुआत में इन लाइटों से सड़कें और चौराहे रात में रोशनी से जगमगाते थे,लेकिन समय बीतने के साथ एक-एक कर लाइटें खराब होती गईं। खराब लाइटों की मरम्मत या उन्हें बदलने की व्यवस्था नहीं होने से अधिकांश पोल अब बेकार खड़े हैं।
*43 में तीन,48 में आठ और 29 में 1 भी नही*
*अझुवा कौशाम्बी* वार्ड नंबर चार मढ़ियामई-रसूलपुर मार्ग पर लगी 43 लाइटों में महज तीन जल रही हैं, जबकि 40 खराब हैं। टांडा रोड पर लगी 48 लाइटों में आठ जल रही हैं और 40 बंद हैं। वहीं वार्ड नंबर तीन शांति नगर के मलियन टोला से भैरवों बाबा जाने वाले मार्ग पर लगी 29 की 29 लाइटें बंद पड़ी हैं।
*भोर में निकलने वालों को खतरा*
*अझुवा कौशाम्बी* मलियन टोला निवासी अशोक कुमार गौतम ने बताया कि इस मार्ग से भोर में किसान खेतों पर जाते हैं। सुबह बड़ी संख्या में लोग मार्निंग वॉक के लिए भैरवों बाबा की ओर भी जाते हैं। अंधेरा होने के कारण जहरीले जंतुओं का खतरा बना रहता है।
मढ़ियामई निवासी राकेश कुमार ने बताया कि लोग भोर में पल्लेदारी और मजदूरी के लिए अझुवा कस्बे जाते हैं। सड़क के किनारे अक्सर जहरीले जंतु दिखाई देते हैं। ऐसे में अंधेरे में आवागमन किसी दिन बड़े हादसे का कारण बन सकता है।टांडा रोड निवासी जीतू ने बताया कि इस मार्ग से आसपास के कई गांवों के लोग अझुवा बाजार खरीदारी के लिए आते-जाते हैं। नगर पंचायत लोगों से टैक्स भी वसूलती है। ऐसे में लोगों की सुविधा के लिए लगाई गई स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराकर उन्हें चालू कराना नगर पंचायत की जिम्मेदारी है।
*लाखों की तिरंगा लाइटें भी गायब*
*अझुवा कौशाम्बी* स्ट्रीट लाइटों की बदहाली के साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में सजावट के लिए लगाई गईं तिरंगा लाइटों की स्थिति भी खराब है। हाईवे, टांडा रोड, वार्ड नंबर 12 नया नगर सहित बाजार क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से कई पोल पर तिरंगा लाइटें लगाई गई थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ ही दिनों बाद लाइटें खराब होने लगीं। इसके बाद कई पोल से तिरंगा लाइटें एकाएक गायब भी हो गईं।लोगों का कहना है कि सार्वजनिक धन से लगाई गई इन लाइटों के रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी नगर पंचायत की है। खराब लाइटों की मरम्मत कराने के साथ ही गायब हुई तिरंगा लाइटों की जांच कराकर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से सभी बंद स्ट्रीट और तिरंगा लाइटों की जांच कराकर उन्हें जल्द चालू कराने की मांग की है।वही अधिशाषी अधिकारी संजय कुमार ने बताया शीघ्र ही विद्युत प्रकाश संबंधी समस्या को दूर कराया जाएगा।
*रामबाबू केसरवानी पत्रकार अखंड भारत संदेश हिंदी दैनिक समाचार पत्र जनपद कौशाम्बी* 9473563534
