अरविंद वशिष्ठ बोले- घटना की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई*

*अरविंद वशिष्ठ बोले- घटना की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई*
झांसी। सीपरी बाजार में हुई भीषण आगजनी में करीब 40 दुकानों के जलने की घटना के बाद समाजवादी व्यापार सभा का प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ सपा नेता अरविंद वशिष्ठ के नेतृत्व में आगजनी स्थल पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल का जायजा लिया और प्रभावित दुकानदारों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। दुकानदारों ने प्रतिनिधिमंडल को आगजनी से हुए नुकसान और अपनी परेशानियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि 40 दुकानों का जलना केवल संपत्ति का नुकसान नहीं है, बल्कि दर्जनों परिवारों की रोजी-रोटी और वर्षों की मेहनत का उजड़ जाना है। जिन व्यापारियों ने अपनी पूरी जिंदगी मेहनत करके कारोबार खड़ा किया, उनके सामने आज अपने परिवार का पालन-पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि घटना को लेकर दुकानदारों द्वारा कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों को देखते हुए प्रशासन को मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करानी चाहिए। आग लगने के कारणों की जांच के साथ घटनास्थल के CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सभी साक्ष्यों की गंभीरता से पड़ताल की जानी चाहिए।
अरविंद वशिष्ठ ने कहा, “यदि जांच में यह सामने आता है कि दुकानदारों को हटाने, अवैध निर्माण अथवा किसी व्यावसायिक लाभ के लिए आगजनी की साजिश रची गई थी, तो यह बेहद गंभीर मामला है। ऐसी स्थिति में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।”
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित दुकानदारों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए और उन्हें उचित आर्थिक सहायता एवं राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि मेहनतकश व्यापारियों की रोजी-रोटी से किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जा सकता।
अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा और समाजवादी पार्टी प्रभावित व्यापारियों के साथ खड़ी है तथा उनके अधिकार और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, आशीष वाजपेयी, अमित चक्रवर्ती , अभिषेक दीक्षित, मनोज यादव, विष्णु यादव,मनीष कश्यप,पदाधिकारी, सपा कार्यकर्ता और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *