Headlines

नीट की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी ‘बायो विसेन’ पुस्तक

नीट की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी ‘बायो विसेन’ पुस्तक

डॉ. अनुराग राजन सक्सेना एवं डॉ. नीतू सक्सेना की पुस्तक का आज बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में होगा विमोचन

झाँसी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए जीव विज्ञान विषय को सरल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई पुस्तक ‘बायो विसेन : कक्षा 12 की एनसीईआरटी जीव विज्ञान पर आधारित संपूर्ण पुस्तक’ का विमोचन 4 नवंबर 2026 को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में किया जाएगा। पुस्तक का विमोचन विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा किया जाएगा।

पुस्तक के संबंध में स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में लेखक डॉ. अनुराग राजन सक्सेना एवं डॉ. नीतू सक्सेना ने इसकी विशेषताओं और उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुस्तक में कक्षा 12 की राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की जीव विज्ञान पाठ्यपुस्तक के महत्वपूर्ण विषयों को सरल भाषा, व्यवस्थित तरीके और आसानी से याद रखने योग्य स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुस्तक की प्रमुख विशेषता स्मृति सहायक शिक्षण तकनीक है। इसके माध्यम से कठिन वैज्ञानिक नामों, तथ्यों और महत्वपूर्ण जानकारियों को सरल संकेतों के जरिए याद करने की विधि बताई गई है। इससे विद्यार्थियों को कम समय में विषयों को समझने और परीक्षा से पहले बेहतर ढंग से दोहराने में सहायता मिलेगी। जीव विज्ञान की तैयारी आसान होने से विद्यार्थी भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान जैसे अन्य विषयों पर भी पर्याप्त समय दे सकेंगे।

डॉ. अनुराग राजन सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं का विस्तृत पाठ्यक्रम और पढ़ाई का दबाव विद्यार्थियों के सामने कई चुनौतियां खड़ी करता है। विशेषकर जीव विज्ञान के महत्वपूर्ण तथ्यों और वैज्ञानिक नामों को याद रखना कठिन होता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पुस्तक को सरल भाषा और विशेष शिक्षण तकनीकों के साथ तैयार किया गया है।

पुस्तक की रूपरेखा एवं सज्जा आधुनिक डिजिटल माध्यम कैनवा के जरिए तैयार की गई है। इसके निर्माण में प्रतीक्षा मिश्रा, अध्ययन तिवारी, रितेश सैनी, माही, अनुप और शिविता का भी विशेष योगदान रहा है।

डॉ. अनुराग सक्सेना ने कहा कि शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पढ़ने और पढ़ाने की प्रक्रिया को सरल बनाना आवश्यक है। उनका प्रयास है कि यह पुस्तक विद्यार्थियों की पढ़ाई को आसान बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाए। उन्होंने शिक्षाविदों, विद्यार्थियों, पत्रकारों एवं पुस्तक प्रेमियों से 4 नवंबर को आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह में उपस्थित होने की अपील की। इस दौरान अखिलेश गुप्ता नीलू रक्सा, डॉ. नीतू सक्सेना, डॉ. दिव्या, जलज गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे.

…………………..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *