Headlines

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा दस्तक अभियान में किया जाए घरों का भ्रमण – डॉ शिशिर पुरी

कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान से संबंधित जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति

*विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की साप्ताहिक समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन*

*आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा दस्तक अभियान में किया जाए घरों का भ्रमण – डॉ शिशिर पुरी*

*अभियान की गतिविधियों की निरंतर मॉनिटरिंग के दिए गए निर्देश*

*झांसी दि- 23 जुलाई 2026*
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान माह जुलाई 2026 के अंतर्गत अंतिम साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन सीएमओ ऑफिस झांसी के सभागार में किया गया। समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की शासन स्तर से साप्ताहिक समीक्षा की जा रही है। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लॉक नोडल अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा निरंतर अभियान की मॉनिटरिंग की जा रही है तथा शासन के निर्देशानुसार सभी गतिविधियां संचालित हो रही हैं। दस्तक अभियान में आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा आपस में समन्वय करते हुए प्रत्येक घर का भ्रमण अवश्य किया जाए और घरों के अंदर जाकर मच्छरों के पैदा होने की स्थितियों की जांच की जाए। इस बार के अभियान में एंटोमोलॉजिकल सर्वे ई-कवच के माध्यम से किया जाना है। अतः सभी आशाएं ई-कवच पोर्टल पर वांछित सूचनाओं को दर्ज करें। सभी बीपीएम एवं बीसीपीएम द्वारा आशाओं के कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए।
बैठक में नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ उत्सव राज एवं जिला मलेरिया अधिकारी ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि राज्य स्तर से विगत सप्ताह की गई समीक्षा में डब्ल्यूएचओ एवं पाथ संस्था की थर्ड पार्टी मॉनिटरिंग के डाटा में जनपद झांसी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा दस्तक अभियान में घरों का भ्रमण किए जाने का प्रतिशत मात्र 84% है, जिसमें से ब्लॉक मऊरानीपुर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का भ्रमण मात्र 71% एवं झांसी नगर क्षेत्र का 79% पाया गया, जबकि राज्य स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घरों के भ्रमण का औसत 98% है।
आशाओं द्वारा घरों की विजिट में सबसे कम विकासखंड बबीना की आशाओं की 83% उपलब्धि है, जबकि जनपद का औसत 97% एवं राज्य औसत 98% है। ब्लॉक मऊरानीपुर की आशाओं द्वारा घरों में जाकर मच्छर के प्रजनन स्रोतों की जांच का प्रतिशत जनपद में सबसे कम 63% है, जबकि जनपद का 87 एवं राज्य का औसत 98% है। आईसीडीएस विभाग से उपस्थित सीडीपीओ को निर्देश दिए गए हैं एवं आशाओं के कार्यों की मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ यू एन सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ के एन एम त्रिपाठी, नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ उत्सव राज, उप जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ अंशुमान तिवारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ विजयश्री शुक्ला, डीएमओ श्री राजीव त्रिपाठी, डीसीपीएम श्री प्रशांत वर्मा, अर्बन कोऑर्डिनेटर जियाउर्रहमान, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ अनुराधा राजपूत, सीडीपीओ, पंचायत राज विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, नगर निगम, जल संस्थान आदि से अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *