चकबंदी गांवों के किसानों को बीमा राशि दिलाने के लिए बबीना विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

चकबंदी गांवों के किसानों को बीमा राशि दिलाने के लिए बबीना विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

बड़ा आरोप: खरीफ फसल का प्रीमियम भरने के बाद भी मुआवजा न मिलने से किसान आर्थिक संकट में

झांसी। बबीना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजीव सिंह पारीछा ने क्षेत्र के चकबंदी वाले गांवों के पीड़ित किसानों की सुध ली है। विधायक ने इन गांवों के किसानों को खरीफ फसल की बीमा क्षतिपूर्ति राशि न मिलने पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भेजा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस गंभीर मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर किसानों को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।

प्रीमियम जमा करने के बाद भी अटका भुगतान
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में बबीना विधायक ने प्रमुखता से बताया कि बबीना ब्लॉक के ग्राम हीरापुर और बुढ़पुरा सहित अन्य चकबंदी गांवों के किसानों ने उनसे मिलकर अपनी व्यथा सुनाई थी। किसानों का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2025-26 में अपनी खरीफ फसल का बाकायदा बीमा कराया था और उसकी प्रीमियम राशि भी समय पर जमा की थी। इसके बावजूद बीमा कंपनियों ने जनपद के अन्य राजस्व गांवों में तो क्षतिपूर्ति राशि का वितरण कर दिया, लेकिन चकबंदी प्रक्रिया से गुजर रहे गांवों के किसानों को अब तक भुगतान नहीं किया गया है।

किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित, खेती-किसानी ठप

विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि लंबे समय से फसल बीमा का भुगतान लंबित होने के कारण क्षेत्र के अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। किसानों के पास अगली खेती-किसानी और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने के लिए पैसे नहीं हैं, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने मुख्यमंत्री से पुरजोर मांग की है कि किसानों की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता पर लेते हुए संबंधित उच्च अधिकारियों व बीमा कंपनियों को तत्काल कड़े निर्देश जारी किए जाएं। ताकि तकनीकी दिक्कतों को दूर कर प्रभावित किसानों को उनके हक की फसल बीमा राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *