*दतिया से पधारे 108 श्रद्धालुओं ने लगाई भगवान झूलेलाल एवं संत हजारी राम जी की पावन धूनी, भजनों से गूंजा झांसी*
28वें पावन 40 दिवसीय भगवान श्री झूलेलाल चालीहा व्रत महोत्सव के अंतर्गत पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत भवन में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण वातावरण देखने को मिला। ज्योतिन वारा दरबार एवं साईं हजारी राम दरबार, दतिया से विशेष रूप से पधारे 108 श्रद्धालु सदस्यों द्वारा भगवान श्री झूलेलाल जी की पावन धूनी एवं संत हजारी राम जी की धूनी लगाई गई।
दतिया से आए सभी 108 श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से धूनी की सेवा की तथा भगवान श्री झूलेलाल जी के भजनों का भावपूर्ण गुणगान किया। भजनों, जयकारों और भक्ति संगीत से पूरा पंचायत भवन झूलेलाल मय हो गया। उपस्थित श्रद्धालु भी भक्ति में भावविभोर होकर झूम उठे और पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत के अध्यक्ष हरीश हासानी ने कहा कि “दतिया से 108 श्रद्धालुओं का इतनी बड़ी संख्या में झांसी आकर भगवान झूलेलाल जी की पावन धूनी लगाना हमारे लिए अत्यंत सौभाग्य और गौरव का विषय है। यह केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सिंधी समाज की एकता का जीवंत उदाहरण है। हम ज्योतिन वारा दरबार एवं साईं हजारी राम दरबार के सभी संतों और श्रद्धालुओं के हृदय से आभारी हैं।”
झूलेलाल सिंधी सेवा मंडल के अध्यक्ष आकाश खियानी ने कहा कि “दतिया से आए 108 श्रद्धालुओं ने अपनी भक्ति और सेवा से आज के आयोजन को यादगार बना दिया। भगवान झूलेलाल जी के भजनों और पावन धूनी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। हमारा सौभाग्य है कि हमें ऐसे संतों और श्रद्धालुओं की सेवा एवं स्वागत करने का अवसर मिला।”
वहीं पंचायत के मीडिया प्रभारी दिनेश कोडवानी ने कहा कि “ज्योतिन वारा दरबार एवं साईं हजारी राम दरबार से 108 सदस्यों का झांसी आना और भगवान झूलेलाल जी एवं संत हजारी राम जी की धूनी लगाना चालीहा महोत्सव की आध्यात्मिक गरिमा को और बढ़ाने वाला अवसर है। दतिया से पधारे सभी भाई-बहनों का प्रेम और समर्पण हमेशा याद रहेगा। हम उनके इस स्नेह के लिए हृदय से कृतज्ञ एवं ऋणी हैं।”
धूनी के दौरान भगवान झूलेलाल जी के जयकारों और भजनों से ऐसा अद्भुत वातावरण निर्मित हुआ कि उपस्थित श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति में लीन हो गए। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं भगवान झूलेलाल जी की कृपा और संत हजारी राम जी का आशीर्वाद सभी भक्तों पर बरस रहा हो।
कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत साईं सेवा समिति के सदस्यों ने किया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कोडवानी ने किया। अंत में हरीश हासानी ने अतिथियों एवं सभी श्रद्धालुओं का स्मृति चिन्ह देकर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने गुरु के अटूट लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में हरीश हसानी, आकाश खियानी, जयकिशन फबयानी, दिनेश कोडवानी, दीपक चंद्रानी, राम आहूजा, अशोक चावलानी, अक्षय हिरवानी, हीरा कोडवानी, बबीता हसानी, हर्षा कोडवानी, सुहानी खियानी, सिमरन बचवानी, महक खियानी, कार्यक्रम संयोजक कमल हिरवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन उपस्थित रहे।
*दिनेश कोडवानी*
*मीडिया प्रभारी सिंधी समाज झांसी*
