कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा विश्व जनसँख्या दिवस के अवसर पर आयोजित गतिविधियों की जारी की गयी
*“जब बच्चों में हो सही अन्तराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” के स्लोगन के साथ झाँसी में मनाया जा रहा है विश्व जनसँख्या पखवाड़ा*
*लक्ष्य दम्पत्तियों की काउंसलिंग,परिवार नियोजन सामग्रियों की उपलब्धता और सेवा प्रदायिगी का रखें विशेष ध्यान – डॉ शिशिर पुरी*
*सशक्त युवा, स्वस्थ परिवार और समृद्ध राष्ट्र की दिशा में वृहद् जन-जागरूकता अभियान*
*झांसी, 11 जुलाई 2026*
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनपद झांसी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसंख्या स्थिरीकरण, परिवार नियोजन तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान का शुभारम्भ किया गया| मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि जनसंख्या संतुलन केवल परिवार के आकार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आर्थिक प्रगति तथा पर्यावरण संरक्षण का आधार है। परिवार नियोजन अपनाकर प्रत्येक दंपति अपने परिवार को स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल बना सकता है। इस वर्ष की थीम “युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना- आज और भविष्य के लिए” के अंतर्गत “सशक्त युवा,स्वस्थ परिवार,समृद्ध राष्ट्र के निर्माण के लिए संतुलित परिवार, स्वस्थ समाज तथा सतत विकास के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
नोडल अधिकारी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एन के जैन ने बताया कि जनसँख्या पखवाड़े के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों पर परिवार नियोजन से संबंधित सेवाएं एवं परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें कंडोम, गर्भनिरोधक गोलियां, अंतर्गर्भाशयी गर्भनिरोधक साधन (IUCD), इंजेक्टेबल गर्भनिरोधक तथा स्थायी नसबंदी सेवाएं शामिल हैं। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर लोगों से अपील की गई है कि वे छोटे एवं संतुलित परिवार की अवधारणा को अपनाएं, बेटी-बेटे में समानता का व्यवहार करें, किशोर एवं युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्रदान करें तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर समाज को समृद्ध बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। परिवार नियोजन एवं परिवार कल्याण सेवाओं की अधिक जानकारी के लिए अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें अथवा 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन का उपयोग करें।
जनसंख्या पखवाड़े के शुभारंभ का कार्यक्रम जिला महिला चिकित्सालय में मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सीएमएस डॉ राजनारायण, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ रमाकांत स्वर्णकार, कंट्रोल रूम प्रभारी डॉ सतीश चंद्र, डॉ विमलेश, श्री राज बृजेंद्र सिंह, श्री जियाउर्रहमान आदि उपस्थित रहे।
