समाज की खुशियों में बुजुर्गों को शामिल करना ही सच्ची सेवा : लखनलाल गुप्ता

महालक्ष्मी व श्राद्ध पर्व पर वृद्धाश्रम पहुंचे लखनलाल गुप्ता, बुजुर्गों को भेंट किए उपहार

समाज की खुशियों में बुजुर्गों को शामिल करना ही सच्ची सेवा : लखनलाल गुप्ता

झांसी। महालक्ष्मी एवं श्राद्ध के अवसर पर बद्री इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन लखनलाल गुप्ता ने आईटीआई स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां निवास कर रहे बुजुर्गों के बीच पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उन्हें उपहार भेंट किए। इस दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी बुजुर्गों का सम्मान करते हुए उनके साथ समय बिताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे रहे। वहीं नगर विधायक रवि शर्मा, रानी लक्ष्मीबाई कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य तथा उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय पटवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने भी वृद्धजनों से मुलाकात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
इस अवसर पर आयोजक लखनलाल गुप्ता ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और आशीर्वाद का कोई विकल्प नहीं है। पर्व और त्योहार केवल अपने परिवार के साथ खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन लोगों तक भी खुशियां पहुंचाने का माध्यम हैं, जिन्हें समाज के सहयोग और अपनत्व की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के बीच आकर उन्हें अपनेपन का एहसास कराना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस आयोजन का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि आज के बदलते सामाजिक परिवेश में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखना बेहद आवश्यक है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार बुजुर्गों की सेवा और सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सेवा किसी एक दिन या अवसर तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने लखनलाल गुप्ता द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वों के अवसर पर वृद्धजनों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा करने से सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूती मिलती है। वृद्धाश्रम में मौजूद बुजुर्गों ने भी अतिथियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नरेश गुप्ता राजू रक्सा, संतोष साहू, नीलू गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, महेश अग्रवाल, मुरली राय, श्रीराम गुप्ता, राकेश सिंघरिया, इंजीनियर सी.पी. गुप्ता, इंजीनियर ए.के. गुप्ता, इंजीनियर सत्य प्रकाश गुप्ता, अजय त्रिवेदी, सरला गुप्ता, रजनी तिवारी, किरण गुप्ता, अरुणा गुप्ता, श्रीमती सारिका गुप्ता, नितिन सरावगी, मलखान राय, संजीव गुप्ता, आशीष गुप्ता, अखिलेश, मुकेश अग्रवाल, मुरली, जीतू सोनी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *