आर्य कन्या महाविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मतदाता जागरूकता दिवस आयोजित

आर्य कन्या महाविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मतदाता जागरूकता दिवस आयोजित
​आधी आबादी अब केवल मूक दर्शक नहीं, बल्कि निर्णय लेने में सक्षम और सशक्त: प्राचार्या
​झांसी। आर्य कन्या महाविद्यालय, झांसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में ‘मतदाता जागरूकता दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य ध्येय युवा छात्राओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा लोकतंत्र में प्रत्येक वोट के अमूल्य महत्व से अवगत कराना रहा।
​कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा, “पूर्व में देश की ‘आधी आबादी’ चुनाव प्रक्रिया में महज एक मूक (साइलेंट) मतदाता के रूप में भाग लेती थी। किंतु आज की नारी हर क्षेत्र में सक्षम और आत्मनिर्भर है। अब हम स्वयं अपने विवेक, स्वतंत्र निर्णय और इच्छा से मताधिकार का प्रयोग करने में सक्षम हैं। देश और समाज की प्रगति तथा भारत का नाम वैश्विक पटल पर सुदृढ़ करने हेतु जागरूक नागरिक बनकर योग्य नेतृत्व का चयन करना हम सभी का परम कर्तव्य है।”
​कार्यक्रम का गरिमामय एवं कुशल संचालन राजनीति विज्ञान विभाग की प्रवक्ता डॉ. दीपमाला दुबे द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर अपने प्रभावशाली विचार व्यक्त किए।
​समारोह में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रथम इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. किरण सिंह, द्वितीय इकाई की डॉ. रेनू शिवहरे, तृतीय इकाई की डॉ. सौम्या वर्मा एवं महाविद्यालय की स्वयंसेविकाएं व छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *