इस्कॉन झाँसी में भव्य कीर्तन मेले का हुआ आयोजन
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ किया हरिनाम संकीर्तन, विश्व शांति एवं मानव कल्याण की मंगलकामना
अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन), झाँसी द्वारा कार्तिक मास के पावन अवसर पर रविवार, 22 नवंबर को चतुर्थ वार्षिक कीर्तन मेला 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु एकत्रित हुए और भगवान श्रीकृष्ण के पवित्र नामों का सामूहिक संकीर्तन किया।
गौरतलब है कि भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु ने संकीर्तन आंदोलन के माध्यम से हरिनाम के प्रचार-प्रसार का संदेश पूरे विश्व को दिया था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्रील प्रभुपाद ने इस दिव्य आंदोलन को विश्व के अनेक देशों तक पहुँचाया। आज इस्कॉन के सैकड़ों केंद्रों में एक साथ सामूहिक संकीर्तन के माध्यम से विश्व शांति, सद्भावना और मानव कल्याण का संदेश प्रसारित किया जा रहा है।
झाँसी में आयोजित इस कीर्तन मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अत्यंत शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में हरे कृष्ण महामंत्र का विभिन्न मधुर धुनों में गायन किया। एक ही महामंत्र को अनेक धुनों में गाने की यह परंपरा इसकी सार्वभौमिकता और आध्यात्मिक महिमा को दर्शाती है। इस महामंत्र को सभी मंत्रों का सार माना गया है। अनेक लोगों ने हरिनाम संकीर्तन से अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन एवं आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया है।
यह आयोजन कार्तिक मास के पावन अवसर पर तथा भीष्म पंचक के दौरान किया गया, जो भगवान के प्रति समर्पण, साधना एवं भक्ति का विशेष समय माना जाता है। इस अवसर पर विश्वभर के भक्तों के उत्तम स्वास्थ्य, विश्व शांति एवं समस्त मानवता के कल्याण की मंगलकामना की गई।
कार्यक्रम में भव्य हरिनाम संकीर्तन, दिव्य दीपदान एवं सभी के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजन में इस्कॉन झाँसी के ब्रजभूमिदास, व्रजनंरनजन दास, प्रियगोविंददास एवं दामोदरबंदु दास सहित अनेक भक्तों ने बड़े उत्साह एवं समर्पण के साथ भाग लिया। मंदिर की ओर से सभी श्रद्धालुओं एवं सेवाभावी भक्तों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस्कॉन झाँसी के मीडिया प्रभारी पीयूष रावत ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी सद्भाव एवं सकारात्मकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ भगवान के पवित्र नामों के माध्यम से विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
