Headlines

छेड़खानी के शक में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या,गांव में तनाव

*हत्या करने के बाद आरोपी मौके से हुए फरार पुलिस कर रही तलाश*

*हर्रायपुर कौशाम्बी*। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उजिहिनी खालसा पुरवा में गुरुवार सुबह छेड़खानी के शक में पड़ोसियों द्वारा 30 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रही थी लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।मृतक की पहचान उजिहिनी खालसा पुरवा निवासी रवेन्द्र उम्र 30 वर्ष पुत्र स्व. राम खेलावन के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार,गुरुवार सुबह करीब आठ बजे रवेन्द्र खेत की ओर गया था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले मूलचंद्र,लाला,सोनू,मोनू समेत अन्य लोगों ने उसे गांव से बाहर जंगल की तरफ घेर लिया और लाठी-डंडों से जमकर पीटा। हमले में रवेन्द्र गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही मरणासन्न हालत में गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलने पर संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रवेन्द्र को एंबुलेंस से इलाज के लिए ले जाने लगी। हालांकि,रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

*छेड़खानी के आरोप को लेकर हुआ था विवाद*

*हर्रायपुर कौशाम्बी* परिजनों का आरोप है कि घटना से एक रात पहले मूलचंद्र के परिवार की ओर से रवेन्द्र पर एक लड़की से छेड़खानी करने का आरोप लगाया गया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि अगले दिन सुबह इसी रंजिश में रवेन्द्र पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि,छेड़खानी के आरोप और हत्या की वजह की पुलिस हर स्तर से जांच पड़ताल कर रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद नामजद बताए जा रहे आरोपी फरार हैं,जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। गांव में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।मृतक के माता-पिता और बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में अब उसकी पत्नी ही रह गई है। दंपती की कोई संतान नहीं है। मृतक की बहन गुड़िया देवी ने बताया कि भाई की मौत के बाद उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *