Headlines

*प्रधानमंत्री Narendra Modi के ग्रीन ट्रांसपोर्ट एवं ईंधन बचत के आह्वान के क्रम में झांसी व्यापार मंडल ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन,

*प्रधानमंत्री Narendra Modi के ग्रीन ट्रांसपोर्ट एवं ईंधन बचत के आह्वान के क्रम में झांसी व्यापार मंडल ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन,
माल परिवहन को और सुगम बनाने की मांग*

प्रधानमंत्री जी द्वारा राष्ट्रहित में डीजल-पेट्रोल की बचत एवं ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने हेतु देश के व्यापारी वर्ग से रेलवे माल परिवहन को अधिकाधिक अपनाने की अपील के क्रम में, झांसी व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्री संतोष साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने आज मंडल रेल प्रबंधक/झांसी श्री अनिरुद्ध कुमार से भेंट कर रेलवे माल परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुगम, सरल एवं व्यापारी हितैषी बनाए जाने संबंधी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधि मंडल द्वारा ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों से मंडल प्रशासन को अवगत कराया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने सभी बिंदुओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे प्रशासन व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा माल परिवहन को अधिक पारदर्शी एवं उपयोगकर्ता अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने यह भी बताया कि व्यापारियों की सुविधा हेतु रेलवे बोर्ड स्तर पर विभिन्न सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, और जल्द ही इसके परिणाम सामने आयेंगे |

बैठक के दौरान व्यापारियों द्वारा मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के समक्ष पार्सल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु “व्यापारी सहायता केंद्र” स्थापित करने की मांग रखी गई। व्यापारियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने तत्काल अधिकारियों को निर्देशित किया, जिसके क्रम में उसी दिन व्यापारी सहायता केंद्र एवं शिकायत केंद्र के लिए मोबाइल नंबर जारी कर व्यवस्था लागू कर दी गई। इस पहल के माध्यम से अब व्यापारी सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी समस्याओं का शीघ्र समाधान प्राप्त कर सकेंगे। यह निर्णय झांसी मंडल की व्यापारियों के प्रति संवेदनशील एवं तत्पर कार्यशैली को दर्शाता है |

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा व्यापारिक प्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन के सकारात्मक प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/झाँसी श्री नीरज भट्नागर, झांसी व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्री संतोष साहू, चेयरमैन श्री मनमोहन गेडा, प्रभारी श्री राजेंद्र अग्रवाल, महामंत्री श्री सुजीत अग्रवाल, संयोजक श्री पियूष रावत, कोषाध्यक्ष श्री चौधरी फिरोज, सीपरी बाजार व्यापार महासमिति अध्यक्ष श्री उदय सोनी, मिशन कंपाउंड ग्वालियर रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष श्री शिवांशु श्रीवास्तव (काके) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मनोज कुमार सिंह
जनसंपर्क अधिकारी
उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *