महिला उद्यमिता और स्वावलंबन पर संगोष्ठी आयोजित
झाँसी, 6 अक्टूबर 2026। आर्य कन्या महाविद्यालय, झाँसी में स्वावलंबी भारत अभियान और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में ‘महिला उद्यमिता एवं स्वावलंबन’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. स्वाति भदोरिया के मार्गदर्शन में हुआ।
मुख्य वक्ता और स्वावलंबी भारत अभियान के सदस्य श्री सुदीप खरे ने छात्राओं से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने ट्यूशन, सिलाई-कढ़ाई और मशरूम उत्पादन जैसे रोजगार विकल्पों की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर दिया।
श्री राकेश कुशवाहा ने छात्राओं और स्वयंसेविकाओं को स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेनू शिवहरे ने किया। इस अवसर पर डॉ. किरन सिंह सहित राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।
संगोष्ठी का उद्देश्य छात्राओं को कौशल विकास, स्वरोजगार और महिला उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।
