व्यापारियों के लिए पार्सल वैन बुकिंग हुई और आसान, अब 90 दिन पहले तक कर सकेंगे इंडेंट*

*व्यापारियों के लिए पार्सल वैन बुकिंग हुई और आसान,
अब 90 दिन पहले तक कर सकेंगे इंडेंट*

रेलवे ने व्यापारियों और पार्सल ग्राहकों को बड़ी सुविधा देते हुए पार्सल वैन (VP) बुकिंग की प्रक्रिया को और सरल एवं पारदर्शी बना दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब व्यापारी अपनी आवश्यकता के अनुसार माल ढुलाई के लिए पसंदीदा लोडिंग तिथि से 90 दिन पहले तक पार्सल वैन की मांग (इंडेंट) दर्ज करा सकेंगे। इससे व्यापारियों को अपने व्यापार एवं माल परिवहन की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।

नई व्यवस्था में पार्सल वैन का आवंटन लोडिंग की पसंदीदा तिथि के आधार पर किया जाएगा। यदि एक ही तिथि के लिए एक से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो प्राथमिकता आवेदन जमा करने की तारीख और समय के अनुसार तय की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।

रेलवे द्वारा अधिक मांग वाले स्टेशनों को अधिसूचित (नोटिफाइड) स्टेशन घोषित किया जा सकेगा। ऐसे स्टेशनों पर पार्सल वैन पंजीकरण शुल्क ₹25,000 प्रति वैन तथा अन्य स्टेशनों पर ₹10,000 प्रति वैन निर्धारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त, यदि रेलवे पसंदीदा लोडिंग तिथि के 10 दिनों के भीतर पार्सल वैन उपलब्ध नहीं करा पाता और ग्राहक अपना इंडेंट निरस्त करना चाहता है, तो उसे जमा की गई पूरी पंजीकरण राशि वापस कर दी जाएगी।

रेलवे की इस नई व्यवस्था से व्यापारियों को माल परिवहन के लिए अधिक सुविधा, बेहतर योजना और पारदर्शी सेवा उपलब्ध होने की उम्मीद है।

मनोज कुमार सिंह
जनसंपर्क अधिकारी
उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी मंडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *