कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान की अंतर्विभागीय बैठक से संबंधित जारी की गयी प्रेस विज्ञप्ति
*सीएमओ कार्यालय में द्वितीय अंतर्विभागीय टास्कफोर्स बैठक संपन्न*
*1 जुलाई से पूरे माहपर्यंत संचालित होंगी विविध गतिविधियां — सीएमओ*
*झांसी दि०- 29 जून 2026*
1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आयोजित की होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत द्वितीय अंतर्विभागीय टास्कफोर्स बैठक का आयोजन कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी के सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ शिशिर पुरी मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी ने संबंधित विभागों के माइक्रो प्लानिंग फॉर्मैट्स तथा अपेक्षित गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि अंतर्विभागीय सोर्स रिडक्शन गतिविधियों में स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास तथा ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सहयोग किया जाएगा। स्टॉप डायरिया कैंपेन के अंतर्गत अतिरिक्त अंतर्विभागीय गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। हाई रिस्क एरिया में अंतर्विभागीय सहयोग के साथ संवाहक मच्छर नियंत्रण गतिविधियां आयोजित होंगी तथा आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा मच्छरों के प्रजनन अनुकूल स्थितियों की जांच घरों के अंदर जाकर की जाएगी।
अभियान के प्रथम दिवस 1 जुलाई को सभी विभागों के सहयोग से अभियान लॉन्च की गतिविधि आयोजित की जाएगी। कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी में भी मा० जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम की अध्यक्षता में जन जागरूकता रैली एवं गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। सभी ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर भी माननीय जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम का उद्घाटन कराया जाएगा। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी से अनुरोध किया है कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले लॉन्च अभियान में ग्राम प्रधान द्वारा आवश्यक सहयोग किया जाए।
नोडल अधिकारी डॉ उत्सव राज ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों से माइक्रोप्लान प्राप्त हो चुका है तथा माइक्रोप्लान के अनुसार ही पूरे माह भर गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
द्वितीय टास्क फोर्स की बैठक में जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ रमाकांत स्वर्णकार, नोडल अधिकारी पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ उत्सव राज, जिला मलेरिया अधिकारी श्री आर के त्रिपाठी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ विजयश्री शुक्ला, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ अनुराधा राजपूत, उप मलेरिया अधिकारी श्री जयप्रकाश, मलेरिया निरीक्षक सहित कृषि, सिंचाई, दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग, नगर निगम, ग्रामीण विकास, पंचायती राज विभाग आदि से अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
