गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर मेला जलविहार समिति झांसी की हुई बैठक

गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर मेला जलविहार समिति झांसी की हुई बैठक

झांसी। मेला जलविहार समिति झांसी की बैठक सिद्धेश्वर मंदिर में हुई। इसमें गणेश उत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थापित होने वाली गणेश प्रतिमाओं की समितियों से अपील की गई कि वह प्लास्टर ऑफ पेरिस यानी पीओपी की प्रतिमा को स्थापित न करें, बल्कि उनके स्थान पर मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित करें। इसके अलावा यह भी चेतावनी दी गई कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर यदि लक्ष्मी तालाब स्थित विसर्जन कुंड की पानी की सफाई नहीं हुई और निर्धारित समय तक एक अतिरिक्त रैंप नहीं बना, तो सारी प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल की जगह नगर निगम ले जाकर रख दिया जाएगा। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि गंधीगर का टपरा पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जलझूलनी एकादशी पर मंदिरों के विमानों और गणेश प्रतिमा विसर्जन शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। हर बार की तरह इस साल भी 20 मंदिरों के विमान लक्ष्मी तालाब पर जलविहार के लिए गाजे बाजे के साथ निकलेगे। विमानों में भगवान विराजमान रहते हैं। बैठक में समिति अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल व महामंत्री पीयूष रावत ने बताया कि 9 तारीख को प्रशासन की और नगर निगम की टीम ने मेला जलविहार समिति के पदाधिकारियों के साथ में जाकर निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान प्रशासन और मेला जलविहार समिति के सभी पदाधिकारियों ने नगर निगम की टीम से निर्धारित समय तक रैंप बनाए जाने का अनुरोध किया था, लेकिन बार-बार आग्रह करने के बाद भी रैम्प का काम अब तक शुरू नहीं हुआ। यह स्थिति तब है, जब पीछे की बाउंड्री पूरी टूटी है और शेष में बारिश का पानी समाया हुआ है। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि अगर कोई भी घटना घटती है, तो उसके जिम्मेदार नगर निगम के अधिकारी होंगे। हर साल की तरह इस साल भी समिति मंदिरों के विमानों की पूजा अर्चना कर स्वागत करेगी और स्मृति चिन्ह भेंट करेंगी। चाचर कमेटियों का भी सम्मान किया जाएगा। अनंत चतुर्दशी पर भी गणेश प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंदिरों के विमानों की पर्याप्त सुरक्षा और सुगम यातायात की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई दिक्कत न हो। उन्होंनेे बताया कि समिति ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किये हैं। कोई समस्या आने पर गणेश उत्सव समितियां संपर्क कर सकती हैं। मेला जलविहार समिति झांसी प्रसाशन के सहयोग से समस्या का समाधान कराएगी। उन्होंने बताया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए सभी तालाबों व जलाशयों की सफाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में समिति ने नगर निगम प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क किया है। समिति ने अपील की कि डीजे मानक के अनुसार बजाए। बैठक का संचालन धर्माचार्य हरिओम पाठक ने व अध्यक्षता पुरुषोत्तम स्वामी ने की। इस दौरान अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, महामंत्री पियूष रावत, संरक्षक महंत विष्णु दत्त स्वामी, आचार्य हरिओम पाठक, आचार्य वसंत विष्णु गोलवर्कर, आचार्य लल्लन महाराज, आचार्य विनोद चतुर्वेदी, आचार्य मनोज चतुर्वेदी, महेश श्रॉफ मटका, जगदीश गुप्ता वरिष्ठ, उपाध्यक्ष विनोद अवस्थी, गोकुल दुबे, अतुल किलपन, रवीश त्रिपाठी, राजीव तिवारी, पवन गुप्ता, राजीव तिवारी, प्रभात शर्मा, पुरकेश अमरया, अभिषेक साहू, अतुल मिश्रा, आदि मौजूद रहे। पीयूष रावत और राजीव पाठक ने संयुक्त रूप से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *