भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आक्रोश!
बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने जिलाधिकारी को लिखा सख्त पत्र
– कहा: “जनता परेशान, न रोस्टर का पालन हो रहा और न अधिकारी उठा रहे फोन!”
– तत्काल निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग
झांसी। बुंदेलखंड में आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी के बीच जनपद झांसी में चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर बबीना विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजीव सिंह ‘पारीछा’ ने कड़ा रुख अपनाया है। क्षेत्रवासियों को मिल रही लगातार शिकायतों और भारी जन-असंतोष को देखते हुए विधायक ने आज 15 मई को जिलाधिकारी (DM) झांसी को एक सख्त शिकायती पत्र (पत्रांक सं-2961/1/एम.एल.ए.) भेजा है।विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए जनहित में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
विधायक के पत्र की मुख्य और बड़ी बातें: रोस्टर का उल्लंघन और अघोषित कटौती: विधायक राजीव सिंह पारीछा ने पत्र में साफ तौर पर अवगत कराया कि बबीना विधानसभा सहित झांसी के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लंबे समय से अत्यधिक अघोषित विद्युत कटौती और लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली नहीं दी जा रही है। किसान, छात्र और व्यापारी बेहाल: भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से आम नागरिकों के दैनिक कार्य ठप हैं। कम वोल्टेज के कारण विद्युत उपकरण फुंक रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की भारी किल्लत हो गई है और किसानों की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है। परीक्षाओं के इस दौर में विद्यार्थियों की पढ़ाई का भी भारी नुकसान हो रहा है। अधिकारियों की मनमानी, नहीं उठाते फोन: विधायक ने सबसे बड़ा आरोप बिजली विभाग के बेलगाम अधिकारियों और कर्मचारियों पर लगाया है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी न तो आम जनता का फोन उठाते हैं और न ही जनप्रतिनिधियों की कॉल का जवाब दे रहे हैं, जिससे समस्याओं का समय पर निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
विधायक ने DM से की ये सख्त मांग: विधायक राजीव सिंह पारीछा ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जाए। संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देकर शासन के रोस्टर के मुताबिक निर्बाध (बिना रुकावट) विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। इसके साथ ही लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए जनता की शिकायतों का समयबद्ध निवारण किया जाए। इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्य अभियंता (विद्युत वितरण खण्ड ग्रामीण झांसी) को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।
