संघर्ष सेवा समिति ने पेश की मानवता और सेवा की मिसाल, संगीता को उपहार देकर सम्मानपूर्वक किया विदा
झाँसी। किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना और उसके जीवन के खास पल को यादगार बनाना ही सच्ची समाजसेवा है। इसी भावना को साकार करते हुए संघर्ष सेवा समिति के कार्यालय में एक भावुक एवं आत्मीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां संगीता को स्नेह, सम्मान और उपहारों के साथ विदाई दी गई।
उन्नाव गेट बाहर, एकता कॉलोनी के पास झाँसी निवासी संगीता, स्वर्गीय शकुन कोस्टा एवं स्वर्गीय रामनरेश कोस्टा की पुत्री हैं। कार्यक्रम के दौरान समिति की ओर से संगीता को उपहार स्वरूप एक आकर्षक ब्रीफकेस भेंट किया गया। इसके साथ ही उनके विशेष दिन को यादगार बनाने के लिए लहंगे की व्यवस्था की गई और उन्हें पार्लर से विशेष रूप से तैयार करवाया गया।
इस अवसर पर आर्यन मेकअप मंत्रा की भूमिका भी सराहनीय रही। यहां संगीता का खूबसूरत मेकअप और श्रृंगार किया गया। आर्यन मेकअप मंत्रा से जुड़े लोग समय-समय पर सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करते रहते हैं। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रहती है।
कार्यक्रम में संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी ने संगीता को उपहार भेंट कर स्नेहपूर्वक विदा किया। इस दौरान अपनत्व और सहयोग का भाव देखने को मिला। यह पहल केवल उपहार देने तक सीमित नहीं रही, बल्कि समाज में जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय रिश्तों की अहमियत का संदेश भी दे गई।
समाजसेवा की असली पहचान बड़े आयोजनों से नहीं, बल्कि उन छोटी-छोटी कोशिशों से होती है, जो किसी के जीवन में बड़ी खुशी बनकर उतरती हैं।
इस अवसर पर बसंत गुप्ता सुशांत गुप्ता राजू सेन संदीप नामदेव नितिन वर्मा रोशनी मुस्कान धर्मेंद्र खाती हयारन अमन छाबड़ा आदि उपस्थित रहे
