27वें उर्स शरीफ में गूंजी सूफियाना कलाम की गूंज, डॉ० संदीप ने दिया सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश

27वें उर्स शरीफ में गूंजी सूफियाना कलाम की गूंज, डॉ० संदीप ने दिया सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश

झाँसी। ललितपुर रोड स्थित नहर के पास बिजौली में हजरत पीरकमाल शाह बाबा रहमतुल्लाह अलैह के 27वें उर्स शरीफ एवं चादर शरीफ के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों एवं क्षेत्रवासियों ने सहभागिता कर सूफी परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।

उर्स के अवसर पर आयोजित कव्वाली मुकाबले में प्रसिद्ध कव्वालों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से देर रात तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध बनाए रखा। सूफियाना कलाम, इश्क-ए-हकीकी और मानवता के संदेश से ओतप्रोत प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने जमकर दाद दी। आयोजन स्थल पर धार्मिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का अनुपम संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संघर्ष सेवा समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. संदीप सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि झांसी की पहचान केवल वीरता और शौर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शहर सामाजिक समरसता, सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की गौरवशाली परंपरा का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई की वीरभूमि झांसी ने सदैव देशभक्ति, त्याग और भाईचारे का संदेश दिया है।

डॉ. सरावगी ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग जब एक मंच पर आकर प्रेम, सद्भाव और मानवता का संदेश देते हैं, तो राष्ट्र की एकता और अखंडता और अधिक मजबूत होती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से राष्ट्रहित, सामाजिक सेवा और आपसी भाईचारे को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम मे संदीप नामदेव, अनुज प्रताप सिंह, राकेश अहिरवार, सिद्धांत गुप्ता, सुशांत गुप्ता, अनिल कुशवाहा, बसंत गुप्ता, मोहित एवं विशिष्ट अतिथियों सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उर्स कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, कव्वालों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

उर्स कमेटी के संरक्षक मनोज कुमार दुबे, विशिष्ट अतिथि हाजी अहमद, उर्स कमेटी अध्यक्ष हरवंस लाल, उर्स कमेटी उपाध्यक्ष सुबराती खांन, कब्बाल अमन अफजल शाबरी, कब्बाल सीबा परवीन, अध्यक्ष हरप्रसाद लाल, उपाध्यक्ष सुबराती खां, खादिम मो. अनीस अली शाह ने आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन देश, प्रदेश एवं समाज में सुख-शांति, समृद्धि और भाईचारे की दुआओं के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *