*किसान भुगतान हेतु कार्यालयों के चक्कर लगाने पर मजबूर हैं :अरविंद वशिष्ठ*
झांसी। बीडा क्षेत्र में सरकार द्वारा अधिग्रहित की गई किसानों की भूमि का उचित मुआवजा अब तक न मिलने के विरोध में किसानों की एक सभा आयोजित की गई। सभा में बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी समस्याएं रखते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी नेता अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि सरकार ने किसानों की जमीन तो अधिग्रहित कर ली, लेकिन उन्हें आज तक उनका वैधानिक मुआवजा नहीं मिला। यह किसानों के साथ अन्याय है। किसान अपनी पुश्तैनी जमीन खो चुके हैं और अब मुआवजे के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि यदि किसानों को शीघ्र उनका पूरा मुआवजा, ब्याज सहित, नहीं दिया गया तो किसानों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन चलाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अधिग्रहित भूमि का लंबित भुगतान जल्द से जल्द किया जाए तथा प्रत्येक प्रभावित किसान को न्याय दिलाया जाए।
जिलाध्यक्ष व्यापार सभा सत्येंद्र पुरी ने कहा कि किसानों की जमीन अधिग्रहित कर लेना और समय पर भुगतान न देना उनके साथ घोर अन्याय है। सभी प्रभावित किसानों को उनका पूरा भुगतान एवं नियमानुसार देय लाभ उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। सभा में उपस्थित किसानों ने भी एक स्वर में मुआवजा दिलाने की मांग उठाई और आवश्यक होने पर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।
उक्त अवसर पर हैदर अली, अभिषेक दीक्षित, मनीष कश्यप, अमित चक्रवर्ती,यशवीर पिपरिया
,कृष्णा वर्मा, सौरभ राय, आशीष वाजपेयी,आर के अमरया आदि उपस्थित रहे।
किसान भुगतान हेतु कार्यालयों के चक्कर लगाने पर मजबूर हैं :अरविंद वशिष्ठ*
