नई दिल्ली 3 जून। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक बड़ा ऐलान किया है । मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं को मेट्रो और डीटीसी बसों में फ्री यात्रा का तोहफा दे रही है।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला किया गया है । उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर 2 बड़े फैसले लिए गए हैं । दिल्ली सरकार दिल्ली मेट्रो और डीटीसी बसों में महिलाओं को किराए से मुक्ति दिलाने के लिए निशुल्क यात्रा कराएगी । इससे उन्हें सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहन मिलेगा ।।महिलाओं को यात्रा देने में डीएमआरसी को होने वाले नुकसान की भरपाई सरकार करेगी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सक्षम महिलाएं चाहें तो टिकट खरीद सकती हैं. उन्हें सब्सिडी का इस्तेमाल न करने के लिए प्रेरित किया जाएगा. केजरीवाल ने कहा कि दो से तीन महीने के अंदर इसे लागू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए 2 बड़े फैसले किए गए हैं । एक तो सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए ढाई साल से कोशिश कर रहे थे । डेढ़ लाख सीसीटीवी लगाने का टेंडर दिया था । 70000 सीसीटीवी का सर्वे हो चुका है। उन्होंने कहा कि 8 जून से कैमरे लगेंगे और दिसंबर तक लगने की उम्मीद है।
बसों और मेट्रो में कुल यात्रियों में 33 फीसदी महिलाएं होती हैं. इसके मुताबिक मेट्रो में महिलाओं की मुफ्त यात्रा पर करीब एक हजार करोड़ प्रतिवर्ष का खर्च आएगा जबकि करीब 200 करोड़ रुपये का खर्च बसों को लेकर सरकार पर आएगा. अनुमान है कि महिलाओं के लिए दिल्ली मेट्रो और डीटीसी की बसों में इस योजना को लागू करने में सरकार पर प्रतिवर्ष करीब 1200 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा
