*चालीहा महोत्सव में गूंजी भक्ति की स्वर लहरियां, टैलेंट हंट में दिखा सिंधी प्रतिभाओं का हुनर*
झांसी। पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित 28वें पावन 40 दिवसीय भगवान श्री झूलेलाल चालीहा व्रत महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में डबरा से पधारे छोटू साईं जी ने भावपूर्ण सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, सद्भाव, सेवा और संस्कारों का संदेश दिया। उनके सत्संग से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
सत्संग के पश्चात आयोजित सिंधी टैलेंट हंट प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता में 22 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सिंधी कविता, नुक्कड़ नाटक, नृत्य, कला सहित विभिन्न विधाओं में शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर छोटू साईं जी ने कहा कि सिंधी समाज की सबसे बड़ी पहचान उसकी भाषा, संस्कृति, संस्कार और सेवा भावना है। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत के अध्यक्ष हरीश हासानी ने कहा कि टैलेंट हंट के माध्यम से समाज की प्रतिभाओं को मंच मिला है। बच्चों और युवाओं का उत्साह देखकर यह विश्वास और मजबूत होता है कि आने वाली पीढ़ी सिंधी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाएगी।
आकाश खियानी ने कहा कि 22 प्रतिभागियों ने जिस आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं, वह पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने की बात कही।
मीडिया प्रभारी दिनेश कोडवानी ने कहा कि सिंधी टैलेंट हंट का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि सिंधी भाषा, कला, संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। मंच पर हुई प्रस्तुतियों ने साबित कर दिया कि समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच देने की है।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश कोडवानी ने किया। अंत में हरीश हासानी ने अतिथियों एवं सभी श्रद्धालुओं का स्मृति चिन्ह देकर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने गुरु के अटूट लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में हरीश हासानी, आकाश खियानी, जयकिशन फबयानी, दिनेश कोडवानी, रवि हमलानी, जगदीश सुंदरानी, चंदू कोडवानी, कन्हैया लाल आहूजा बबीता हसानी, हर्षा कोडवानी, सुमन दलवानी, जानवी आहूजा, हर्षा माखीजा, कार्यक्रम संयोजक कमल हिरवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन उपस्थित रहे।
*दिनेश कोडवानी*
*मीडिया प्रभारी सिंधी समाज झांसी*
