बांदा स्टेशन पर आपदा प्रबंधन तत्परता की मिसाल: कंडेम्ड रेल कोच की रूफ कटिंग मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक सम्पन्न*

*बांदा स्टेशन पर आपदा प्रबंधन तत्परता की मिसाल: कंडेम्ड रेल कोच की रूफ कटिंग मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक सम्पन्न*

झांसी मंडल के अंतर्गत आपदा प्रबंधन एवं त्वरित राहत कार्यों की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दिनांक 15 मई 2026 को बांदा स्टेशन पर कोच मिड-लाइफ रिहैब वर्कशॉप, झांसी द्वारा एक विशेष रूफ कटिंग मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। यह अभ्यास एक कंडेम्ड रेल कोच पर किया गया, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की दक्षता का व्यावहारिक परीक्षण किया जा सके।
इस मॉक ड्रिल का संचालन दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) तथा दुर्घटना राहत चिकित्सा वैन (ARMV) के प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अभ्यास के लिए रेलवे ओवरहेड विद्युत आपूर्ति का आवश्यक पावर ब्लॉक दोपहर 12:00 बजे से 14:00 बजे तक लिया गया, जिसके दौरान सभी सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया।
ड्रिल के दौरान कंडेम्ड कोच की छत को अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से काटने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसका उद्देश्य दुर्घटना अथवा आपदा की स्थिति में फंसे यात्रियों तक शीघ्र एवं सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने हेतु संबंधित कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता, समन्वय क्षमता तथा त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण एवं सुदृढ़ीकरण करना था।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों में तैनात स्टाफ की कार्यकुशलता, तत्परता एवं पेशेवर दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की नियमित मॉक ड्रिल्स वास्तविक दुर्घटना की स्थिति में बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता तथा प्रभावी राहत संचालन सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपदा प्रबंधन प्रणाली को निरंतर सशक्त बनाने हेतु ऐसे प्रशिक्षण एवं अभ्यास कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *