लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती पर झाँसी में भव्य आयोजन, सिंहासन पर विराजमान प्रतिमा बनी ऐतिहासिक आकर्षण

लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती पर झाँसी में भव्य आयोजन, सिंहासन पर विराजमान प्रतिमा बनी ऐतिहासिक आकर्षण

दीपों की रोशनी से जगमगाया ऐतिहासिक परिसर, डॉ. संदीप सरावगी ने बतायारानी पूरे भारत के लिए गौरव का क्षण

झाँसी। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती के अवसर पर 19 नवंबर को झाँसी में शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कर्मयोगी संस्था (रजि.), झाँसी द्वारा वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में ‘राजधर्म आमंत्रण – मैं अपनी झाँसी नहीं दूंगी’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. संदीप सरावगी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आयोजन के दौरान वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस प्रतिमा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें महारानी लक्ष्मीबाई को सिंहासन पर विराजमान दर्शाया गया है। डॉ. संदीप सरावगी ने इस अवसर पर कहा कि पूरे भारत में सिंहासन पर बैठी हुई झाँसी की रानी की यह पहली और एकमात्र प्रतिमा है। उन्होंने इसे झाँसी के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण देश के लिए गौरव और सम्मान का विषय बताया। इसके साथ ही वीरांगना के त्याग, समर्पण और आदर्शों को समर्पित ‘राजधर्म स्मारक’ का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर को दीपों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। रानी लक्ष्मीबाई पार्क, झाँसी दुर्ग और महारानी लक्ष्मीबाई से जुड़ी ऐतिहासिक इमारतें दीपों की रोशनी से जगमगा उठीं। दीपों से सजे ऐतिहासिक परिसर का मनमोहक दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा झाँसी शहर अपनी वीरांगना के सम्मान में दीपोत्सव मना रहा हो।

इस अवसर पर डॉ. संदीप सरावगी ने जनपदवासियों एवं समस्त देशवासियों को महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का जीवन अदम्य साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की अमर मिसाल है। उन्होंने कहा कि झाँसी केवल एक ऐतिहासिक नगरी नहीं, बल्कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और बलिदान की पहचान है। उनकी कर्मभूमि को दीपों से सजाकर जिस प्रकार श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया गया है, वह अत्यंत मनमोहक और गौरवपूर्ण है।

डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई का ‘मैं अपनी झाँसी नहीं दूंगी’ का उद्घोष आज भी देशवासियों के भीतर स्वाभिमान, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना जागृत करता है। सिंहासन पर विराजमान उनकी भव्य प्रतिमा नारी शक्ति, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र गौरव का संदेश देती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और वीरांगनाओं के बलिदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हमें महारानी लक्ष्मीबाई की विरासत को केवल स्मरण ही नहीं करना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में भी आत्मसात करना चाहिए।

कार्यक्रम के माध्यम से कर्मयोगी संस्था ने महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य, त्याग, बलिदान और झाँसी के गौरवशाली इतिहास को सम्मानित करने का संदेश दिया। सिंहासन पर विराजमान वीरांगना की अनूठी प्रतिमा, राजधर्म स्मारक का लोकार्पण और दीपों से आलोकित ऐतिहासिक परिसर ने इस समारोह को यादगार बना दिया। यह आयोजन झाँसी की गौरवशाली विरासत और महारानी लक्ष्मीबाई के प्रति देशवासियों की अटूट श्रद्धा का प्रतीक बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *